समाज सुधार के संदेश के साथ हीरक जयंती रथ यात्रा का हनुमानगढ़ में भव्य स्वागत

75

जंभेश्वर पर्यावरण एवं जीव रक्षा प्रदेश संस्था की एकवर्षीय यात्रा ने दिया सेवा-संस्कारों का संदेश
हनुमानगढ़ टाउन के बिश्नोई धर्मशाला प्रांगण में मंगलवार रात्रि एक विशेष आध्यात्मिक और सामाजिक अवसर देखने को मिला, जब श्री जंभेश्वर पर्यावरण एवं जीव रक्षा प्रदेश संस्था द्वारा निकाली जा रही एकवर्षीय हीरक जयंती समाज सुधार यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत श्री जंभेश्वर प्राणी हितकारनी समिति द्वारा अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। यात्रा जैसे ही टाउन स्थित बिश्नोई धर्मशाला के जंभेश्वर मंदिर परिसर पहुँची, समिति सदस्यों ने तिलक, माल्यार्पण और पुष्प वर्षा कर रथ यात्रा दल का अभिनंदन किया। प्रधान प्रतिनिधि अश्वनी पुनिया ने इस अवसर पर कहा कि संस्था द्वारा प्रदेशभर में समाज में जनजागरण का दीप प्रज्ज्वलित किया जा रहा है। यह यात्रा ग्रामीण क्षेत्रों में धर्म, एकता, संस्कार और सामाजिक सुधार का सशक्त संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने तथा युवाओं और बच्चों में सकारात्मक संस्कार स्थापित करने हेतु यह यात्रा एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संस्था के प्रदेश अध्यक्ष राम रतन बिश्नोई ने कहा कि यह रथ यात्रा मात्र एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संयम और संस्कारों को पुनर्जीवित करने का जन आंदोलन है। उन्होंने बताया कि मंदिरों को संस्कार केंद्र बनाकर बच्चों को जांभाणी ज्ञान की 14 रचनाएँ कंठस्थ करवाने और हर घर में जांभाणी विधान को आरंभ करवाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही नशा, कुरीतियों और फिजूल खर्ची को त्यागकर आदर्श समाज निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि श्री जंभेश्वर जी महाराज के 29 धर्म नियम आज भी समाज की नैतिक दिशा और पहचान हैं। इनके पालन से मानवता, करुणा और सामाजिक सुधार स्वतः संभव है। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अनिल धारनिया, प्रचार मंत्री दिलीप सिवर, जिलाध्यक्ष मनोहर लाल सहित स्थानीय बिश्नोई समाज के बनवारी लाल सहू, मोहनलाल पूनिया, अश्विनी पूनिया, श्री भगवान गोदारा, मुकेश सहाराण ने समाज में बढ़ती अनावश्यक खर्च,व अत्यधिक तड़क भड़क वाले आयोजन पर चिंता जताई। उन्होंने युवाओं से सादगी, मर्यादा और संयम की परंपरा अपनाने की अपील की। रथ यात्रा दल ने गांव-गांव पहुँचकर लोगों को सामाजिक बुराइयों को त्यागने का संदेश दिया और संकल्प पत्र भरवाकर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक बुराई छोड़ने की शपथ दिलाई। ग्रामीणों में इस पहल से नई सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक सुधार की चेतना जागृत होती दिखाई दी। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्रीमती राधा देवी पुनिया के प्रतिनिधि अश्विनी पुनिया, सचिव भगवान गोदारा, कोषाध्यक्ष मुकेश सहारण, उपाध्यक्ष हरि सिंह गोदारा,सरपंच हंसराज धारनिया, राजेंद्र गोदारा उपाध्यक्ष, हंसराज, धर्मपाल खीचड़, विनोद पूनिया, लखपत खीचड़, हनुमान भाम्भू, कृष्ण भादू, बलबीर पूनिया, मोहनलाल पूनिया, सत्यनारायण बावरा,पुनीत कड़वासरा, विनोद सिहाग, संजय माल, बुधराम सहाराण, ओमप्रकाश धारनिया, इंद्रसेन सहित समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज में एकता, संस्कार और सुधार की नई दिशा प्रदान की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।