– लायंस क्लब हनुमानगढ़ और द लॉ प्वाइंट के संयुक्त आयोजन में 60 युवा वकील हुए सम्मानित
हनुमानगढ़। अधिवक्ता दिवस के उपलक्ष में लायंस क्लब हनुमानगढ़ एवं द लॉ प्वाइंट की ओर से जंक्शन क्षेत्र में पहली बार भव्य युवा अधिवक्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा अधिवक्ताओं के उत्साहवर्धन के साथ न्यायिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करना रहा। समारोह में जिलेभर से आए 60 युवा अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन के रूप में सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीजन चेयरमैन लॉयन शैलेन्द्र साहू एवं सेवानिवृत्त ए.डी.जे. महावीर स्वामी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ सदस्य सुरेश महिपाल और ज़ोन चेयरमैन भारतेन्दु सैनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लॉ प्वाईट के संस्थापक वरिष्ठ अधिवक्ता नितिन छाबड़ा एवं क्लब अध्यक्ष रामनिवास मांडण ने संयुक्त रूप से की। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिसके साथ ही मंच से न्याय के पथ पर कार्यरत युवा अधिवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथि शैलेन्द्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय व्यवस्था समाज की रीढ़ है और युवा अधिवक्ता इस व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और सत्यनिष्ठा समाज को न्याय दिलाने का आधार है। सेवानिवृत्त एडीजे महावीर स्वामी ने न्यायिक सेवा के अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने पेशे में उच्च आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य करें।
वरिष्ठ सदस्य सुरेश महिपाल व ज़ोन चेयरमैन भारतेन्दु सैनी ने युवा अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज के प्रहरी होते हैं और उनकी वाणी, तर्कशक्ति तथा व्यवहार न्यायालय के साथ समाज में भी न्याय की छवि प्रस्तुत करता है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































