जण्डावाली में खेलों का महाकुंभ, युवा शक्ति ने दिखाया दम

129

– दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, ग्रामीण प्रतिभाओं ने बटोरी सराहना
हनुमानगढ़। जण्डावाली गाँव में खेलों का रोमांच, युवा ऊर्जा और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ बी.आर. अंबेडकर सामाजिक संस्थान जण्डावाली द्वारा दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार ‘मेरा युवा भारत’ हनुमानगढ़ की ओर से जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश भी मजबूत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार रणवीर फुले, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत स्वामी, जिला युवा सलाहकार समिति सदस्य दलीप वर्मा, कामरेड रघुवीर सिंह वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि टहल सिंह बराड़ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मान प्रतीक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं को उभारते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
आयोजन समिति सदस्य मोहित इंसा ने बताया कि विभिन्न इवेंट्स में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता में कबड्डी, बैडमिंटन, लंबी कूद, 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित कई स्पर्धाएँ आयोजित की गईं। बालिकाओं की खो-खो प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। ग्रामीण क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खेल मैदान में जोश और संघर्ष की नई मिसाल पेश की।
आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष आनंद शीला, सचिव राकेश चौहान, उपकोषाध्यक्ष वकील कुमार रोलण, रघुवीर सिंह मशाल, कुलदीप सिंह, मनोज, विष्णु, रोकी रोलण, विकास, सुखविंदर सिंह संधू, जश रुपाणा, मुस्ताक पठान जोंटी, सतीश मेहरहा, महेंद्र परिहार, विद्यालय स्टाफ कुलविंदर कौर बराड़, राजपाल, राकेश मीणा, अमनदीप ममता तथा ग्राम पंचायत के कई गणमान्य व्यक्तियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।