विशेष बच्चों के साथ मनाया परिनीति कंडा का जन्मदिन

102

– स्वच्छता निरीक्षक विनोद कंडा के सामाजिक नवाचार की क्षेत्र में सराहना
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के स्वच्छता निरीक्षक विनोद कंडा ने अपनी पौत्री परिनीति कंडा का जन्मदिन सामाजिक संवेदनशीलता के साथ मनाकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने जन्मदिन जैसे निजी अवसर को सेवा और संस्कार से जोड़ते हुए विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ उत्सव मनाया, जिसकी क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।
विनोद कंडा पौत्री परिनीति का जन्मदिन पारंपरिक तरीके से न मनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की पहल के रूप में उन बच्चों के साथ मनाने पहुँचे जो विशेष सहयोग और संवेदना के पात्र हैं। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने इन बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार आवश्यक सामग्री भेंट की, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। इसके बाद सभी बच्चों के साथ केक काटकर खुशी का पल साझा किया गया। यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए भावुक और अविस्मरणीय रहा।
विनोद कंडा ने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों और युवाओं में संवेदनशीलता, संस्कार और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि “हमारे छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। यदि हर परिवार अपने किसी एक शुभ अवसर पर जरूरतमंदों का सहयोग करे, तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः ही शुरू हो जाएगा।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शुभ अवसरों को केवल उत्सव न मानें, बल्कि सेवा और सहयोग का अवसर भी समझें।
क्षेत्रवासियों ने विनोद कंडा की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयत्न सामाजिक सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ मनाया गया यह जन्मदिन उनके लिए भी एक यादगार अनुभव बन गया, जिन्होंने स्नेह और अपनापन महसूस किया।
कार्यक्रम में विनोद कंडा के साथ शुभम कंडा, विनय कंडा, राजाराम अठवाल, पूजा रानी, ज्योति, नीलेश सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें प्रोत्साहित किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।