रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने हनुमानगढ़ डिपो प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

115

– अवकाश, ओडीआर व रोके वेतन के मुद्दों पर रखी मांगें; समाधान नहीं होने पर आन्दोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। राजस्थान रोडवेज के हनुमानगढ़ डिपो में सोमवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में मुख्य प्रबंधक को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से अवकाश स्वीकृति, ओडीआर मंजूरी तथा वेतन से जुड़ी समस्याएँ बनी हुई हैं, जिन पर प्रबंधन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। समिति ने इन मुद्दों के त्वरित समाधान की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कई कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी करने के बावजूद भी उनका वेतन रोका गया है, जो न केवल अन्यायपूर्ण है बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने रोके गए वेतन का तत्काल भुगतान करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान राजस्थान रोडवेज वर्कर्स यूनियन सीटू के प्रदेश उप महासचिव शयोदाना राम शेषमा, भारतीय मजदूर संघ के संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र करीर, सीटू के प्रदेश सह सचिव विक्रांत साहरण, शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार सीहाग तथा भारतीय मजदूर संघ के शाखा अध्यक्ष गूरलाल सिंह सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
नेताओं ने कहा कि कार्यस्थल पर अवकाश और ओडीआर का समय पर स्वीकृत होना कर्मचारी अधिकारों का मूल हिस्सा है, लेकिन डिपो स्तर पर इन मामलों में देरी होती रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी लंबित अवकाश और ओडीआर को नियमानुसार तुरंत स्वीकृत किया जाए तथा आगे से इसका पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं पर तत्परता से ध्यान नहीं दिया गया तो समिति चरणबद्ध आंदोलन का सहारा लेने पर बाध्य होगी।
मुख्य प्रबंधक ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए सभी मुद्दों के समाधान का पूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वेतन, अवकाश एवं ओडीआर से संबंधित सभी मामलों की समीक्षा कर शीघ्र समाधान किया जाएगा। संघर्ष समिति के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आगे की रणनीति तय करते हुए आंदोलन तेज किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।