उपतहसील नौरंगदेसर में प्राइवेट कर्मचारी के खिलाफ सांठगांठ व रिश्वतखोरी के आरोप

114

– ग्रामीणों व वकीलों ने सौंपा ज्ञापन, हटाने और कानूनी कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। 
उप तहसील कार्यालय नौरंगदेसर में नियुक्त एक प्राइवेट कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शुक्रवार को एडवोकेट रामनिवास जाखड़ के नेतृत्व में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि उप तहसील में कार्यरत सुरेन्द्र भादू निवासी पक्का भादवां, अपने पद का दुरुपयोग कर आमजन के कार्यों में बाधा डाल रहा है तथा रिश्वतखोरी और गोपनीय सूचनाएं लीक करने जैसे गैरकानूनी कृत्यों में संलिप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, प्राइवेट कर्मचारी होने के बावजूद सुरेन्द्र भादू संवेदनशील दस्तावेजों और सरकारी कार्यों में अनधिकृत दखल दे रहा है। आरोप है कि वह लोगों के कार्यों की गोपनीय जानकारी अन्य पक्षकारों तक पहुंचाता है और आवेदकों से पैसों की मांग करता है। रिश्वत न देने पर वह कार्य रुकवाने की धमकी देकर लोगों को परेशान करता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित कर्मचारी पंजीयन से जुड़े दस्तावेज स्वयं लिखता है और जल्दी कार्य करवाने का लालच देकर रिश्वत लेते हुए खुद ही पंजीयन की प्रक्रिया भी पूर्ण कर देता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह गतिविधियां पूरी तरह गैरकानूनी हैं और सरकारी कार्यालय की पारदर्शिता व विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करती हैं।
ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से मांग की है कि उप तहसील कार्यालय नौरंगदेसर में कार्यरत प्राइवेट कर्मचारी सुरेन्द्र भादू को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए तथा उसके द्वारा किए गए गैरकानूनी कृत्यों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
यह ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें नवीन गोदारा, राजीव कुमार, शिवरतन बैनीवाल, अमर सुथार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का मार्ग अपनाने को बाध्य होंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।