रिद्धि-सिद्धि सेवा संस्थान का शुभारम्भ

120

जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प, हुनर आधारित प्रशिक्षण होंगे प्रारम्भ
हनुमानगढ़। अल्फा मार्केट में रिद्धि-सिद्धि सेवा संस्थान का शुभारम्भ एक सादे एवं गरिमामय समारोह में हुआ। कार्यक्रम में विधायक गणेशराज बंसल, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष खजानचंद शिवनानी, संरक्षक खेमचंद तेजवानी,  सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से संस्थान का उद्घाटन करते हुए इसके सामाजिक उद्देश्य की सराहना की।
शुभारम्भ अवसर पर अतिथियों ने कहा कि आज के समय में महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। समाज में कई ऐसे परिवार हैं जहां आर्थिक स्थिति के चलते महिलाएं अपना हुनर आगे नहीं बढ़ा पातीं। ऐसे में रिद्धि-सिद्धि सेवा संस्थान जैसी पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती है। अतिथियों ने संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिकाधिक महिलाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का आह्वान किया।
संस्थान के निदेशक आशीष बजाज ने बताया कि रिद्धि-सिद्धि सेवा संस्थान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। संस्थान उन्हें उनके हाथ के हुनरकृजैसे सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी-पार्लर प्रशिक्षण, आर्ट-क्राफ्ट आदिकृसे परिचित कराएगा तथा कौशल विकास के माध्यम से स्वावलंबन की राह दिखाएगा। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं प्रतिभाशाली होने के बावजूद अवसरों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पातीं। संस्थान का प्रयास है कि ऐसी सभी महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार से जोड़ने में सहयोग प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्थान की योजनाओं और आगामी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि यदि महिलाओं को उचित प्रशिक्षण और मंच मिले तो वे घर-परिवार तथा समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए और सभी ने संस्थान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।