-बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज में खेल महोत्सव के दूसरे दिन हुई अनेको प्रतियोगिताए
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में चल रहे खेल महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भी उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, फुर्ती और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। महाविद्यालय परिसर पूरे दिन खेल गतिविधियों से गुलजार रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल महोत्सव के दूसरे दिन चम्मच रेस, किक बॉल, फोर स्क्वायर सहित अन्य रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। विशेष रूप से चम्मच रेस में संतुलन और एकाग्रता देखने को मिली, वहीं किक बॉल और फोर स्क्वायर में खिलाड़ियों ने टीमवर्क और रणनीति का बेहतरीन परिचय दिया। खेलों के दौरान मैदान पर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और हर वर्ग के विद्यार्थियों ने खेलों का भरपूर आनंद लिया।
दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शिक्षाविद भगवानदास गुप्ता ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल महोत्सव के आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर भगवानदास गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, सहनशीलता, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।
शिक्षा समिति निदेशक तरुण विजय ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों पर पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगिता का भी दबाव रहता है, ऐसे में खेल मानसिक तनाव को कम करने का सशक्त माध्यम हैं। नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा समिति निदेशक तरुण विजय, चेयरमैन आशीष विजय, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। खेल समिति के सदस्यों द्वारा प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया गया। निर्णायकों ने निष्पक्ष रूप से प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया। विजयी प्रतिभागियों को आगामी समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































