7 दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ

118

स्वयंसेविकाओं को मिला स्वास्थ्य और फिटनेस का महत्वपूर्ण संदेश
हनुमानगढ़। व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में आज दिनांक 21 दिसंबर 2025 को 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ एवं वीएम बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य संजू गाड़िया द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला।
शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेविकाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिटनेस कोच डॉ. मोनिका जांगिड़ को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मन की कुंजी है। उन्होंने संतुलित आहार लेने, प्रतिदिन 30 से 45 मिनट नियमित व्यायाम करने तथा 7 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लेने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने तनाव मुक्त जीवन शैली अपनाने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में डॉक्टर शेना बजाज ने स्वयंसेविकाओं को जंक फूड का सेवन कम करने और दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हम अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्रीमती अनु मुंजाल, डॉक्टर शेना बजाज, सुश्री नेहा एवं सुश्री करमजीत द्वारा फिटनेस कोच डॉ. मोनिका जांगिड़ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शिविर के आगामी सात दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा भी स्वयंसेविकाओं को बताई गई। शिविर का उद्देश्य सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।