हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ रोल बॉल संघ के चुनाव रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया राजस्थान रोल बॉल संघ के पर्यवेक्षक मोहित कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आत्माराम पूनिया व खेल अधिकारी प्रतिनिधि ओमप्रकाश सैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। चुनाव अधिकारी की भूमिका शारीरिक शिक्षक जनक सिंह ने निभाई, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाया।
चुनाव से पूर्व आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए रोल बॉल संघ के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संघ के भविष्य, खेल के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। सदस्यों ने संगरिया के पूर्व चेयरमैन प्रदीप कुमार बेनीवाल पर विश्वास जताते हुए उन्हें हनुमानगढ़ रोल बॉल संघ का जिला अध्यक्ष चुना। वहीं अवि कुमार लेघा को सचिव तथा महावीर को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों के चयन के बाद उपस्थित सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का माला पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर सभी ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में जिले में रोल बॉल खेल को नई दिशा मिलेगी और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक मोहित कुमार ने कहा कि रोल बॉल एक उभरता हुआ खेल है और हनुमानगढ़ जिले में इसकी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे संघ को मजबूत बनाते हुए अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेंगे। ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आत्माराम पूनिया ने भी नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिला स्तर पर मजबूत संगठन ही खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार बेनीवाल ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी समय में जिले में प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि रोल बॉल खेल को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके। सचिव अवि कुमार लेघा एवं कोषाध्यक्ष महावीर ने भी संघ के हित में मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर राम प्रताप गोदारा, दीक्षा, मंजू, सानिया, सोनू, विनोद, विकास, प्रवीण शर्मा, हरविंदर सिंह, तरुण, सुरेंद्र, राजेश, सतपाल पवार सहित अनेक खेल प्रेमी और संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































