हर साल बजट से पहले देशभर के लोग टीवी के सामने बैठकर यही उम्मीद करते हैं कि शायद इस बार सरकार उनकी ज़रूरतों पर खास ध्यान दे। लेकिन अगर आपको खुद यह मौका मिले कि आप सरकार को सीधे बता सकें कि बजट में क्या होना चाहिए, तो? केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 (Budget 2026) से पहले आम जनता से सीधे सुझाव मांगने की पहल की है।
सरकार का मानना है कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब नीतियों में आम नागरिक की भागीदारी होगी। इसी सोच के तहत वित्त मंत्रालय ने लोगों से राय आमंत्रित की है, ताकि बजट सिर्फ कागज़ों तक सीमित न रह जाए।
MyGov प्लेटफॉर्म के ज़रिए रख सकते हैं अपनी बात
सरकार ने MyGov प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के नागरिकों से आगे आने की अपील की है। आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है कि इस बार बजट तैयार करने की प्रक्रिया में जनता की राय को अहम भूमिका दी जाएगी।
सरकार यह जानना चाहती है कि आने वाले वित्त वर्ष में किन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। चाहे आप गृहिणी हों, छात्र हों या नौकरीपेशा हर कोई MyGov.in वेबसाइट पर जाकर अपनी राय साझा कर सकता है।
इसके लिए बस अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर MyGov की वेबसाइट खोलें। होमपेज पर आपको Union Budget 2026-27 से जुड़ा लिंक दिखाई देगा। उस पर क्लिक कर मोबाइल नंबर से लॉग-इन करें। इसके बाद खुले कमेंट बॉक्स में आप शिक्षा, टैक्स, रोज़गार, महंगाई या किसी भी अन्य मुद्दे पर अपना सुझाव दर्ज कर सकते हैं। चाहें तो MyGov ऐप के ज़रिए भी सीधे अपने सुझाव वित्त मंत्रालय तक भेजे जा सकते हैं।

1 फरवरी को पेश होगा बजट
परंपरा के अनुसार, 1 फरवरी को वित्त मंत्री संसद में देश का वार्षिक बजट पेश करेंगी। यह दिन सिर्फ बजट भाषण का नहीं होगा, बल्कि उन तमाम सुझावों और चर्चाओं का नतीजा होगा, जो इन दिनों चल रही हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट से पहले की परामर्श प्रक्रिया के तहत लगातार बैठकों में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने अर्थशास्त्रियों, उद्योग जगत और किसान संगठनों समेत कई हितधारकों से बातचीत कर अहम सुझाव जुटाए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































