पांच लाख की चोरी का खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में आक्रोश

113

– संगरिया व्यापार मंडल समिति ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी
हनुमानगढ़। नई धान मंडी संगरिया में हुई बड़ी चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में मंगलवार को संगरिया व्यापार मंडल समिति के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को एक ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद नहीं की गई तो व्यापारी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 20 दिसंबर 2025, शनिवार को संगरिया की नई धान मंडी में व्यापारी मिलखी राम सुशील कुमार की आढ़त की दुकान पर शाम करीब 6.15 बजे एक अज्ञात चोर आया और गल्ले में रखे पांच लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो चोर को पकड़ा जा सका है और न ही चोरी की गई रकम की बरामदगी हो पाई है।
संगरिया व्यापार मंडल समिति ने अपने ज्ञापन में कहा कि यह घटना केवल एक व्यापारी के साथ नहीं, बल्कि पूरी मंडी और व्यापारिक समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। मंडी क्षेत्र में दिनदहाड़े इस प्रकार की चोरी से व्यापारियों में भय का माहौल है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।