आशा सहयोगिनों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

116

– मानदेय वृद्धि, सेवानिवृत्ति लाभ व आरक्षण की मांग, विधायक गणेशराज बंसल के माध्यम से रखा पक्ष
हनुमानगढ़। राजस्थान आशा सहयोगिनी चिकित्सा सेवा संघ की ओर से आशा सहयोगिनों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। यह ज्ञापन हनुमानगढ़ विधायक श्री गणेशराज बंसल के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया। ज्ञापन में आशा सहयोगिनों की कार्य परिस्थितियों, मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और सेवा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में संघ सदस्य सीमा भाटी ने बताया गया कि आशा सहयोगिन स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करती हैं, इसके बावजूद उन्हें कार्य के अनुरूप मानदेय नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक व मानसिक शोषण हो रहा है। संघ ने मांग की कि आशा सहयोगिनों का न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए तथा प्रत्येक वर्ष इसमें 500 रुपये की नियमित बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मांग की गई कि आशा सहयोगिनों को सेवानिवृत्ति के समय राज्य कर्मचारियों की भांति एकमुश्त पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके साथ ही ए.एन.एम. की भर्ती प्रक्रिया में आशा सहयोगिनों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने और उनके अनुभव को भर्ती में मान्यता देने की मांग भी की गई, क्योंकि ए.एन.एम. प्रशिक्षण में पहले से ही आशा सहयोगिनों को 10 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।