पांच कुंडीय महायज्ञ भव्य श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ

313

– पंचमुखी बालाजी मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ वातावरण
हनुमानगढ़ 
टाउन के सेक्टर नंबर 3 स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में पांच कुंडीय महायज्ञ भव्य श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हो गया है। यह धार्मिक आयोजन दिनांक 9 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कथा सप्ताह के प्रथम दिन आज मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर सेक्टर नंबर 3 के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः कथा स्थल श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर पहुंची।कलश यात्रा से पूर्व यजमान गौरव मित्तल, शंकर गुप्ता, कृष्ण बलदेव कानसरिया एवं रामनिवास मित्तल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। विधि-विधान से पूजा सम्पन्न होने के पश्चात कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में अपने सिर पर कलश धारण किए हुए मंगल गीत गाए। डीजे पर बज रहे भक्ति भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे वातावरण और भी दिव्य एवं उल्लासपूर्ण हो गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का वाचन आचार्य श्री कृष्ण देव जी महाराज (गोधूलि पुरम, श्रीधाम वृंदावन) के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान भक्तों को श्रीमद् भागवत के दिव्य प्रसंगों, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति ज्ञान का अमृतपान कराया जाएगा। कथा सप्ताह के समापन अवसर पर 16 जनवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने हनुमानगढ़ शहर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को धर्म, भक्ति एवं ज्ञान से धन्य बनाएं। श्रीमद भागवत कथा को सफल बनाने में ललित जैन,अरुण अग्रवाल, मनोहर कोचर, रवी जागिड़,शुभम कांनसरिया,अशोक अग्रवाल, पुरषोत्तम शर्मा अपना पूर्ण सहयोग दे रहे है ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।