चौथे दिन टूटा वनकर्मी मनवीर सिंह का आमरण अनशन

101
– डीएफओ सुरेश कुमार आबूसरिया ने समझाइश कर भूख हड़ताल समाप्त करवाई
हनुमानगढ़। उप वन संरक्षक कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन के बाहर न्याय की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे वनकर्मी मनवीर सिंह का धरना शुक्रवार को चौथे दिन समाप्त हो गया। कड़ाके की ठंड और लगातार चार दिनों तक अन्न-जल त्याग के बाद अंततः जिला वन अधिकारी (डीएफओ) सुरेश कुमार आबूसरिया के हस्तक्षेप से मनवीर सिंह ने भूख हड़ताल समाप्त की। डीएफओ द्वारा मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता की गई और आश्वासन के बाद उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया गया।
डीएफओ सुरेश कुमार आबूसरिया ने धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मनवीर सिंह का मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में विभाग सीधे तौर पर कोई निर्णय लेने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही न्यायालय से इस प्रकरण में कोई भी आदेश प्राप्त होगा, विभाग स्वयं उस आदेश को सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगा और नियमानुसार उसकी पूर्ण पालना सुनिश्चित करेगा।
चार दिनों तक चले इस आमरण अनशन के दौरान मनवीर सिंह की स्थिति को लेकर समर्थकों और सामाजिक संगठनों में गहरी चिंता बनी रही। हालांकि चौथे दिन उनकी तबीयत कुछ हद तक सामान्य बताई गई, लेकिन कमजोरी स्पष्ट नजर आ रही थी। डीएफओ के समझाइश भरे हस्तक्षेप और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनवीर सिंह ने अनशन समाप्त करने पर सहमति जताई।
धरना स्थल पर मौजूद भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल, लालचंद देवर्थ, दलीप बसेर, विनोद जोइया, सुखपाल कौर, सुलखन सिंह सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि आश्वासन के साथ-साथ अब ठोस कार्रवाई आवश्यक है। संगठन के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि यदि भविष्य में न्यायालय के आदेश की पालना में किसी प्रकार की ढिलाई बरती गई, तो वे पुनः आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
मनवीर सिंह ने अनशन समाप्त करने के बाद कहा कि उनका संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, बल्कि न्याय और सम्मान की है। उन्होंने डीएफओ द्वारा दिए गए आश्वासन पर विश्वास जताते हुए कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय के आदेश आने पर विभाग निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।