-कड़ाके की ठंड में पशुओं के लिए आगे आए समाजसेवी, 26 जनवरी तक चलेगा सेवा अभियान
हनुमानगढ़। क्षेत्र में लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए ईगल फाउंडेशन द्वारा आवारा पशुओं की सहायता के लिए एक मानवीय पहल की गई है। फाउंडेशन ने रविवार से आवारा पशुओं को गुड़ खिलाने का विशेष अभियान शुरू किया, जिसका उद्देश्य सर्दी के मौसम में पशुओं को ऊर्जा प्रदान करना और उन्हें ठंड के दुष्प्रभाव से बचाना है। इस सेवा अभियान को शहरवासियों और पशु प्रेमियों द्वारा सराहनीय बताया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत समाजसेवी धनुज रणवां, एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबुलाल जुनेजा, ईगल फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रशांत सोनी तथा एडवोकेट यादविंदर सिंह सेखों द्वारा की गई। सभी ने संयुक्त रूप से आवारा पशुओं को गुड़ खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अन्य लोगों से भी इस मानवीय कार्य में आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ईगल फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रशांत सोनी ने बताया कि कड़ाके की ठंड में आवारा पशुओं के लिए भोजन की व्यवस्था कर पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में गुड़ खिलाने से पशुओं को ऊर्जा मिलती है और वे ठंड का सामना बेहतर तरीके से कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के सदस्य अलग-अलग दलों में बंटकर दिन और रात दोनों समय इस अभियान को संचालित करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































