लॉयन्स क्लब हनुमानगढ़ सिटी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

108

– नवनियुक्त पदाधिकारियों व सदस्यों ने ली सेवा व निष्ठा की शपथ
हनुमानगढ़। लॉयन्स क्लब हनुमानगढ़ सिटी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को विरासा होटल में गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लॉयन्स क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों व नए सदस्यों ने सेवा, समर्पण और गोपनीयता की शपथ लेकर सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं लॉयन्स क्लब के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीजनल चेयरमैन चन्द्रमोहन शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में डिस्ट्रिक्ट एक्टिविटी एडवाइजर एम.पी. सिंह, ओमप्रकाश गर्ग तथा जोन चेयरपर्सन महक गर्ग शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजनल एडवाइजर राधाकृष्ण सिंगला टीटू ने की। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान के साथ स्वागत किया गया।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात क्लब की सेवा गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। मंच से वक्ताओं ने लॉयन्स क्लब द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और भविष्य में और अधिक प्रभावी गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रीजनल एडवाइजर राधाकृष्ण सिंगला टीटू ने नवनियुक्त अध्यक्ष नितिन खदरिया, सचिव मनोज सिंगला तथा कोषाध्यक्ष हरीश जगवानी को उनकी धर्मपत्नी सहित पद की गरिमा, निष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष रविन्द्र सिंगला के प्रतिनिधि राजेश दादरी, निवर्तमान सचिव महक गर्ग एवं निवर्तमान कोषाध्यक्ष योगेश गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को कॉलर पहनाकर विधिवत पदभार ग्रहण करवाया।
इस अवसर पर क्लब के नए सदस्यों के रूप में प्यारेलाल गोयल, साहिल जिंदल, विनित गर्ग, मनन टांटिया, नारायण गोयल एवं अमन पाहुजा को सदस्यता प्रदान की गई। रीजनल चेयरमैन चन्द्रमोहन शर्मा ने सभी नए सदस्यों को लॉयन्स क्लब की सदस्यता की शपथ दिलाई और पिन पहनाकर सम्मानित किया। नए सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।