श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी के 350वें वर्ष पर अखंड पाठ साहिब का भोग, भव्य गुरुमत समागम आयोजित

103

हनुमानगढ़ टाउन के बस स्टैंड के पीछे स्थित शक्तिनगर में गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल परिसर में आज श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी के 350वें वर्ष को समर्पित श्री अखंड पाठ साहिब के भोग बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ डाले गए। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में भव्य गुरुमत समागम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साध-संगत ने भाग लेकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बलकरन सिंह ने बताया कि श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता 12 जनवरी 2026 को की गई थी, जिनके आज प्रातः 10:00 बजे विधिवत भोग डाले गए। भोग उपरांत कीर्तन दीवान सजाए गए, जिनमें विभिन्न रागी जत्थों और कविश्री जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल किया। विशेष रूप से बाबा गुरप्रीत सिंह खालसा श्रीगंगानगर वालों ने मधुर कीर्तन के माध्यम से गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बलिदान, त्याग और मानवता के लिए दिए गए संदेश को संगत के समक्ष प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर आयोजित गुरुमत समागम में बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “ट्रिपल क्यू” परीक्षा प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता हाल ही में जिले स्तर पर आयोजित की गई थी, जिसमें सीनियर और जूनियर दो वर्ग रखे गए थे। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5100 रुपये नकद राशि व स्मृति चिन्ह, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3100 रुपये नकद व स्मृति चिन्ह तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये नकद व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका भी उत्साहवर्धन किया गया। समागम के दौरान वक्ताओं ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने धर्म और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। गुरु साहिब का जीवन हमें सत्य, न्याय और निर्भीकता के मार्ग पर चलने की सीख देता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।