गौदान, हवन यज्ञ व विशाल भंडारे के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
हनुमानगढ़। टाउन फाटक स्थित गौशाला परिसर में आज मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रातःकाल विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां अर्पित कीं और गौमाता के कल्याण की कामना की। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर श्रीमती कमलेश गुप्ता, धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री देवकीनंदन गुप्ता ने अपने दिवंगत पति की स्मृति में गौदान का संकल्प पूर्ण किया। वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ गौदान संपन्न कराया गया। इस अवसर पर गुप्ता परिवार के सदस्य अमित एवं पूनम गुप्ता, गौरव एवं रंजू गुप्ता सहित अक्षित, गर्वित, ध्रुव एवं दिव्याशी उपस्थित रहे।इसके पश्चात मदन गोपाल अग्रवाल (साबुन वाले), निवासी सूरत (गुजरात) द्वारा अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती निर्मला देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में गौशाला परिसर में जलेबी, पकोड़े एवं गर्म चाय का विशाल भंडारा आयोजित किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। फाटक गौशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में दुर्घटनाग्रस्त, बीमार एवं पूरी तरह असहाय गोवंश की सेवा की जाती है। समाज के सहयोग से इन गोवंशों के उपचार, देखभाल एवं संरक्षण का दायित्व निभाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर की परिधि में यदि कहीं भी गोवंश दुर्घटनाग्रस्त या गंभीर रूप से बीमार अवस्था में पाया जाता है, तो उसे तुरंत फाटक गौशाला लाकर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि माध मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः हवन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी गौभक्त सहभागिता कर सकते हैं। गौसेवा, दान-पुण्य और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन ने मकर संक्रांति पर्व को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































