फसल बीमा, सिंचाई, बिजली व पेयजल संकट को लेकर 21 सूत्रीय मांगों पर आंदोलन का ऐलान

123

हनुमानगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की गंभीर समस्याओं और आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को किसान सभा के जिला महासचिव मंगेज चौधरी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में किसानों की हालत बेहद बदतर हो चुकी है, लेकिन सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।
मंगेज चौधरी ने आरोप लगाया कि जिले में फसल बीमा योजना पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं को किसानों के लिए संजीवनी बताया गया था, उन्हीं योजनाओं के तहत पिछले दो वर्षों में किसानों को एक रुपया तक का बीमा क्लेम नहीं मिला। खरीफ 2023 की फसलों पर आज भी ऑब्जेक्शन लगे हुए हैं, जिससे हजारों किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले की नहरों में पानी की स्थिति भी बेहद खराब है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।
किसान सभा के जिला महासचिव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले का कोई भी जनप्रतिनिधि किसानों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। सरकार केवल खोखले भाषण दे रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ हो चुका है और किसानों के मुद्दों को लेकर कोई सुनने वाला नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।