– सामाजिक सेवा का प्रेरक आयोजन, 15 परिवारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
हनुमानगढ़। टाऊन की शीला मंदिर के पीछे रविवार को युथ वीरांगना संगठन द्वारा सामाजिक समर्पण और सेवा का एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। कड़ाके की ठंड के इस मौसम में, जब तापमान करीब 8 से 10 डिग्री पर है, संगठन की युवतियों ने जरूरतमंद परिवारों को गर्म रजाइयां भेंट कर राहत पहुंचाई। इस सेवा कार्य से गरीब और असहाय परिवारों के चेहरों पर खुशी और सुकून साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर युथ वीरांगना संगठन की सदस्य सरोज ने बताया कि भीषण सर्दी में ठिठुरते परिवारों के लिए यह पहल तिनके के सहारे जैसी है। उन्होंने कहा कि मानवता की सच्ची सेवा वही है, जो जरूरत के समय किसी के काम आए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुष्प कालड़ा, प्रधानाध्यापिका रहीं, जिन्होंने संगठन की इस पहल की खुले दिल से सराहना की। संगठन की सदस्य एशना ने बताया कि युथ वीरांगनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाना है, ताकि वे भी सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें। कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न इलाकों से 15 जरूरतमंद परिवारों को एकत्रित कर उन्हें रजाइयां वितरित की गईं। गौरतलब है कि इससे पहले भी संगठन द्वारा लोहड़ी के पर्व पर बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े वितरित किए गए थे। स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने युथ वीरांगनाओं के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे समाज के प्रति सच्ची सेवा बताया। मीनाक्षी ने जानकारी दी कि संगठन समय-समय पर इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियां आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को शामिल करे, तो समाज में भाईचारे और समरसता की भावना और मजबूत होगी। इस अवसर पर रजनी, शिमला, सीमा, भावना, एशना, संगीता, कंचन, मीनू, मीनाक्षी, सरोज सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































