-हनुमानगढ़ के खुशदीप सिंह व मनजोत सिंह बराड़ का शानदार प्रदर्शन, जिले में पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
हनुमानगढ़। चंडीगढ़ स्थित आर्य समाज भवन में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय पचीसी (चौसर) गेम चैंपियनशिप में राजस्थान की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हनुमानगढ़ जिले के दो होनहार खिलाड़ियों खुशदीप सिंह एवं मनजोत सिंह बराड़ की अहम भूमिका रही। दोनों खिलाड़ी हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के निवासी हैं। बुधवार को जब स्वर्ण पदक विजेता टीम हनुमानगढ़ पहुंची तो खेल प्रेमियों एवं समर्थकों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पचीसी गेम एसोसिएशन के जिला सचिव खुशदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता पचीसी गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं चंडीगढ़ पचीसी गेम एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। राजस्थान की ओर से कुल चार खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में सहभागिता कर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने बताया कि पचीसी (चौसर) भारत का एक प्राचीन एवं गौरवशाली खेल रहा है, जिसे कभी देश का राष्ट्रीय खेल भी माना जाता था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह खेल भगवान शिव और माता पार्वती द्वारा खेले जाने वाला माना जाता है। यह खेल आज पुनः राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है और युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पचीसी खेल दो खिलाड़ियों की टीम द्वारा खेला जाता है, जिसमें रणनीति, धैर्य, एकाग्रता एवं आपसी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष वर्ग में राजस्थान टीम की ओर से खुशदीप सिंह, मनजोत सिंह बराड़, अरमीत बराड़ एवं अर्शदीप धालीवाल ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया।
फाइनल मैच राजस्थान एवं मध्य प्रदेश की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें राजस्थान टीम ने दमदार रणनीति और बेहतरीन तालमेल के बल पर 27 अंकों के अंतर से मध्य प्रदेश को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































