करोड़ों की दौलत, लेकिन सादगी भरी जिंदगी जीते हैं अरिजीत सिंह, जानिए कितनी है नेटवर्थ?

490

मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह (Arijit Singh) ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर अपने फैंस को हैरान कर दिया है। तुम ही हो, हवाएं.. जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बनाने वाले अरिजीत को इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन और महंगे सिंगर्स में गिना जाता है। उन्होंने हिंदी के अलावा बंगाली, मराठी और तेलुगु भाषाओं में 300 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है।

अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो इंडियन आइडल से की थी। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी मेहनत और आवाज के दम पर म्यूजिक इंडस्ट्री में खास मुकाम हासिल किया। अब उनके रिटायरमेंट की खबर के बाद लोग उनकी कमाई और नेटवर्थ को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से निकलकर ‘किंग ऑफ मेलोडी’ बनने तक का अरिजीत सिंह का सफर आसान नहीं रहा। कभी उनकी आवाज को रियेलिटी शो में नकार दिया गया था, लेकिन आज यही आवाज उन्हें करोड़ों दिलों की धड़कन बना चुकी है। अब जब उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला लिया है, तो फैंस उनके करियर, कमाई और लाइफस्टाइल को लेकर ज्यादा जानना चाह रहे हैं।

कैसा रहा अरिजीत सिंह का करियर
अरिजीत सिंह ने साल 2011 में फिल्म मर्डर 2 के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। करीब 15 साल के करियर में वह 300 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दे चुके हैं। आज अरिजीत इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले सिंगर्स में शामिल हैं।

कितनी है अरिजीत सिंह की नेटवर्थ
अरिजीत सिंह की कमाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार उनकी अनुमानित नेटवर्थ 414 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है। बताया जाता है कि उनकी सालाना कमाई करीब 70 करोड़ रुपये है। उनकी आय सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। अरिजीत का अपना म्यूजिक लेबल ‘ओरियन म्यूजिक’ है। इसके अलावा वह यूट्यूब, स्पॉटिफाई जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से भी बड़ी कमाई करते हैं।

अरिजीत सिंह की कमाई का बड़ा जरिया उनके लाइव कॉन्सर्ट्स हैं। Insider.in के मुताबिक, भारत में उनके कॉन्सर्ट के टिकट की कीमत 2,000 रुपये से लेकर 80,000 रुपये तक होती है। यह कीमत शहर, वेन्यू और सीटिंग कैटेगरी पर निर्भर करती है। कुछ कॉन्सर्ट्स में टिकट की कीमत उम्मीद से कहीं ज्यादा रही है। पुणे में हुए एक कॉन्सर्ट में प्रीमियम लाउंज टिकट 16 लाख रुपये तक में बिके थे।

अरिजीत सिंह के पास कौन-कौन सी संपत्ति है
अरिजीत सिंह के पास नवी मुंबई में करीब 8 करोड़ रुपये का लग्ज़री घर है। इसके अलावा उनके पास महंगी कारों का कलेक्शन भी है, जिसकी कीमत 3.4 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है। उनके गैराज में रेंज रोवर और मर्सिडीज जैसी प्रीमियम गाड़ियां शामिल हैं।

विदेशों में भी बना रहे हैं इतिहास
अरिजीत सिंह लंदन के मशहूर टोटेनहम हॉटस्पर स्टेडियम में परफॉर्म करने वाले हैं। यह उनका 2025 में एकमात्र यूरोपियन शो होगा। खास बात यह है कि वह यूके के किसी बड़े स्टेडियम में सोलो कॉन्सर्ट करने वाले पहले भारतीय सिंगर बनेंगे। इस शो के टिकट की कीमत £210 से शुरू होकर £2,410 तक बताई गई है।

म्यूजिक के अलावा कहां से कमाई
सिंगिंग के अलावा अरिजीत सिंह ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापनों से भी मोटी कमाई करते हैं। वह कोका-कोला और सैमसंग जैसे बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स से जुड़ चुके हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अरिजीत ने नया रिकॉर्ड बनाया है। वह हाल ही में स्पॉटिफाई पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले आर्टिस्ट बन गए हैं। उनके फॉलोअर्स की संख्या 140 मिलियन से ज्यादा हो चुकी है, जिससे उन्होंने टेलर स्विफ्ट, एड शीरन और एरियाना ग्रांडे जैसे ग्लोबल सितारों को भी पीछे छोड़ दिया।

करोड़ों की दौलत, लेकिन सादगी भरी जिंदगी
इतनी शोहरत और दौलत के बावजूद अरिजीत सिंह की पहचान उनकी सादगी है। वह आज भी अपने गांव जियागंज में बेहद साधारण जिंदगी जीते हैं। सोशल मीडिया पर कई बार उन्हें साधारण कपड़ों, चप्पलों में स्कूटर चलाते हुए देखा गया है। उनके साथ काम कर चुके कई बड़े कलाकार भी अरिजीत की सादगी की तारीफ कर चुके हैं। श्रेया घोषाल, सुनिधि चौहान और रफ्तार जैसे सिंगर्स भी मानते हैं कि अरिजीत जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं, जो दिखावे से दूर रहना पसंद करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।