अजित पवार पंचतत्व में विलीन, हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़, ‘दादा’ को नम आंखों से दी विदाई, VIDEO

162

बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में गुरुवार को महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार (Ajit Pawar) का अंतिम संस्कार किया गया। उनके दोनों बेटों पार्थ पवार और जय पवार ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, दोनों बेटे, चाचा शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं।

अंतिम संस्कार में कई बड़े नेता शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और पूरे इलाके में शोक का माहौल रहा। बता दें, अजीत पवार के निधन पर महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक रखा गया है।

प्लेनक्रैश से पहले क्या कुछ हुआ?
पवार का चार्टर्ड प्लेन बुधवार सुबह 8.45 बजे क्रैश हुआ था। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत 5 लोगों की मौत हुई। पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए 4 रैलियों को संबोधित करने वाले थे। बारामती एयरफील्ड अनकंट्रोल्ड है, यानी यहां ATC की जगह फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन के इंस्ट्रक्टर ट्रैफिक की जानकारी देते हैं। विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहली बार संपर्क किया। विमान का अगला कॉल लैंडिंग साइट से 30 नॉटिकल माइल (NM) यानी करीब 55 किमी की दूरी पर किया गया।

पुणे अप्रोच ने विमान को बारामती के लिए रिलीज कर दिया और विजुअल मेट्रोलॉजिकल कंडीशन यानी VMC में पायलट की मर्जी से उतरने की सलाह दी। यानी अगर पायलट को मौसम ठीक लग रहा है और लैंडिंग साइट दिखाई दे रही है तो वो बिना किसी एडवांस लैंडिंग टूल की मदद से जेट लैंड करवा सकता है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

इसके बाद पायलट ने हवा और विजिबिलिटी के बारे में पूछा। उन्हें बताया गया कि हवा शांत है और विजिबिलिटी लगभग 3000 मीटर है। विमान ने रनवे 11 पर फाइनल अप्रोच की रिपोर्ट दी, लेकिन बताया कि रनवे नजर नहीं आ रहा।

इसके बाद विमान लैंड करने के बजाय हवा में चक्कर लगाने लगा। थोड़ी देर बाद क्रू ने बताया कि वे फिर से रनवे 11 के फाइनल अप्रोच पर हैं। उनसे पूछा गया कि रनवे दिख रहा है या नहीं। क्रू ने जवाब दिया कि रनवे फिलहाल नजर में नहीं है, लेकिन जैसे ही रनवे दिखेगा, वे बताएंगे। कुछ सेकेंड बाद क्रू ने रिपोर्ट किया कि रनवे अब नजर में है।

विमान को सुबह 8:43 बजे रनवे 11 पर लैंड करने की अनुमति दी गई, लेकिन विमान ने लैंडिंग क्लियरेंस का रीडबैक नहीं दिया गया। सुबह 8:44 बजे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें देखीं।

इसके तुरंत बाद इमरजेंसी सर्विसेज को घटनास्थल भेजा गया। विमान का मलबा रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास, रनवे के 50 मीटर दूर बाईं तरफ पाया गया। इस हादसे की जांच अब AAIB यानी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो ने अपने हाथ में ले ली है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।