– भाजपा ने योजनाओं के नाम बदले, कांग्रेस ने शहरों को चमन बनाया : मनीष मक्कासर
हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मनरेगा संग्राम अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर का कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलने का ही काम किया है। योजनाओं की आत्मा और उद्देश्य से छेड़छाड़ कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में शहरों को चमन का स्वरूप दिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार के पिछले दो वर्षों में विकास के नाम पर शहरों को उजाड़ने का काम किया गया है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि शहरों में जगह-जगह सड़कों को तोड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आमजन की जरूरतों को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान सरकार केवल प्रचार और नाम बदलने की राजनीति कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































