कुपोषण रोकथाम, मातृत्व योजनाओं व संतुलित आहार पर दी गई विस्तृत जानकारी

86
हनुमानगढ़। सहजीपुरा सेक्टर में मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत आज सीएई (कम्युनिटी अवेयरनेस इवेंट) का सफल आयोजन किया गया, जिसमें कुपोषण की समस्या, उसके दुष्चक्र, मातृत्व से जुड़ी सरकारी योजनाओं तथा संतुलित आहार के महत्व पर व्यापक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने कुपोषण चक्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कुपोषण केवल भोजन की कमी नहीं, बल्कि गलत खान-पान, जागरूकता की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुंच न होने का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से ही सही पोषण मिलने पर कुपोषण की रोकथाम संभव है।
डॉ. अजय मीणा ने भी कुपोषण चक्र और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने संतुलित आहार, आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन की आवश्यकता पर जोर देते हुए महिलाओं को मौसमी व स्थानीय खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी।
शिक्षा विभाग से राजेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ-साथ शिक्षा के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षित महिला ही स्वस्थ परिवार की नींव रख सकती है, इसलिए बालिकाओं की शिक्षा और महिलाओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर ने मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व योजना की जानकारी देते हुए कुपोषण की रोकथाम के उपाय बताए। वहीं नेहा शर्मा ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री मातृत्व योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाएं, गर्भवती व धात्री महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका राम जन्म सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान प्रतीक चिन्ह देकर किया गया।
इस अवसर पर व्यंजन प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके माध्यम से महिलाओं को यह दिखाया गया कि पौष्टिक भोजन कैसे तैयार किया जाए, क्या-क्या सामग्री उपयोग में लाई जाए और भोजन करने का सही तरीका क्या हो। संतुलित आहार पर आधारित पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।