हरियाणा के मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार (Arun Panwar) की शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है। चर्चा की वजह उनकी शादी का एक वीडियो है, जिसमें 71 लाख रुपये नकद और 21 तोला सोना दिए जाने का दावा किया गया है। यह वीडियो खुद अरुण पंवार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था।
वीडियो में शादी के दौरान होने वाले लग्न-टीका कार्यक्रम को दिखाया गया है। वीडियो में कहा जा रहा है कि यह रकम और सोना दहेज नहीं बल्कि “दान” है। हालांकि, इतनी बड़ी राशि और सोने को खुले तौर पर दिखाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि क्या नाम बदल देने से दहेज, दहेज नहीं रह जाता?
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने अरुण पंवार को निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, “अच्छे दाम पर बिक गए।” वहीं दूसरे यूजर ने पूछा, “लड़की और उसके परिवार को क्या मिला?” कुछ लोगों ने इसे खुले तौर पर दहेज बताते हुए कहा कि कैश और सोना दिखाकर रील बनाना गलत संदेश देता है।
अरुण पंवार की शादी से जुड़े कई और वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें शादी की भव्यता साफ दिखाई देती है। इसी वजह से मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
कौन हैं अरुण पंवार?
अरुण पंवार एक जाने-माने ऑटोमोबाइल यूट्यूबर हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 2.4 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उन्हें करीब 9.5 लाख लोग फॉलो करते हैं। उन्होंने बीसीए की पढ़ाई की है और साल 2019 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरुण पंवार की महीने की कमाई 20 से 25 लाख रुपये बताई जाती है और वे एक लग्ज़री लाइफस्टाइल जीते हैं। उनकी पत्नी तिथि पेशे से डॉक्टर हैं और उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है। इसके बावजूद शादी में इतनी बड़ी रकम और सोना दिए जाने को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं।
हरियाणा के यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी का यह वीडियो है। उन्हें लग्न टीके में 71 लाख रुपए कैश मिले हैं। जिससे शादी हो रही वह एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं और जयपुर से एमडी कर रही हैं।
अरुण ने अपने इंस्टाग्राम पर ये रील अपलोड की है, इसमें यह व्यक्ति हाथ में पेज लेकर बता रहे… pic.twitter.com/esTMKzTeAY
— Shivani Sahu (@askshivanisahu) February 3, 2026
शादी या सौदा? सोशल मीडिया पर उठे सवाल
वीडियो के सामने आने के बाद कई यूजर्स ने लिखा कि लड़की कितनी भी पढ़-लिख ले, बिना दहेज शादी आज भी मुश्किल है। कुछ लोगों ने कहा कि नाम चाहे दान रखो या लग्न-टीका, 71 लाख कैश और सोना कानूनन दहेज ही माना जाएगा। वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि क्या सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो बनाकर दहेज जैसी कुप्रथा को सामान्य किया जा रहा है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया बहस तक सीमित है, लेकिन इसने एक बार फिर दहेज प्रथा और उसके खुले प्रदर्शन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































