हनुमानगढ़। टाऊन की शीला मंदिर के पास आज युथ वीरांगनायें संगठन द्वारा मानवता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। कड़ाके की ठंड के बीच संगठन की युवतियों ने जरूरतमंद और असहाय परिवारों को गर्म कपड़े, कंबल, जुराब व टोपी भेंट कर उन्हें राहत पहुंचाई। इस सेवा कार्य से गरीब परिवारों के चेहरों पर खुशी और सुकून साफ नजर आया, वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के दौरान युथ वीरांगनायें संगठन की सदस्य रजनी ने कहा कि मानवता की सच्ची सेवा वही है, जो जरूरत के समय किसी के काम आए। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में गरीब परिवारों के लिए गर्म वस्तुएं जीवन रक्षक साबित होती हैं, ऐसे में संगठन का यह प्रयास बेहद जरूरी और सराहनीय है। रजनी ने सभी सदस्यों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवतियों की यह टीम समाज के प्रति अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभा रही है।संगठन की सदस्य एशना ने जानकारी दी कि युथ वीरांगनायें टीम का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना है, ताकि वे भी सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी संगठन द्वारा राहत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसी क्रम में इस बार शहर के विभिन्न इलाकों से करीब 10 जरूरतमंद परिवारों को एकत्रित कर उन्हें गर्म कपड़े व कंबल वितरित किए गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































