– कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर बोले- नरेगा पर हमला मजदूरों के अधिकारों पर हमला
हनुमानगढ़। जिले के निकटवर्ती गांव जोरावरपुरा में गुरुवार को मनरेगा संग्राम के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर, महिलाएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया और मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने पर गहरी चिंता जताई।
मनीष मक्कासर ने अपने संबोधन में कहा कि नरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है। नरेगा को बचाना मतलब मजदूर की आवाज और उसके सम्मान को बचाना है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जिस भी सरकार ने मजदूरों के हक छीनने या उनका अपमान करने का प्रयास किया है, वह सरकार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार का रवैया मजदूर विरोधी है। एक ऐसा महत्वपूर्ण कानून, जिसने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) के तहत लोगों को काम का कानूनी अधिकार दिया था, उसे जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। भुगतान में देरी, काम के दिनों में कटौती और तकनीकी अड़चनों के जरिए मजदूरों को परेशान किया जा रहा है।
मक्कासर ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की मंशा से काम कर रही है। ग्राम पंचायतों से उनके अधिकार छीन लिए गए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने VB G RAM G जैसी व्यवस्थाओं को मजदूर विरोधी बताते हुए इसे तुरंत खत्म करने की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































