पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद (Islamabad blast) में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ। पाकिस्तानी अखबार टाइम्स ऑफ इस्लामाबाद के मुताबिक, हमले में 69 लोगों की मौत हो गई है और 169 घायल हुए हैं। इस्लामाबाद के पुलिस चीफ ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इससे पहले भी 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बता दें, ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के मुताबिक, बुर्किना फासो के बाद पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन चुका है, जबकि 2024 में यह चौथे स्थान पर था।

2025 में TTP के हमलों में 90% की वृद्धि हुई है। वहीं बलूच आर्मी (BLA) के हमलों में 60% बढ़ोतरी हुई। इस्लामिक स्टेट- खुरासान (IS-K) ने अब पाकिस्तानी शहरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
इस्लामाबाद ब्लास्ट में अबतक क्या-क्या हुआ?
- जियो न्यूज से बात करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने पहले फायरिंग की और फिर विस्फोट को अंजाम दिया। इमामबाड़ा के मुख्य द्वार से करीब 30 मीटर पहले सुरक्षा गार्डों ने उसे रोकने की कोशिश की, जिसके बाद गोलीबारी हुई। इसके बाद हमलावर अंदर लगभग 20 मीटर तक घुस गया और नमाज़ के दौरान खुद को उड़ा लिया।
- धमाके की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन शक तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) या इस्लामिक स्टेट (IS) जैसे आतंकी संगठनों पर जताया जा रहा है, जो पहले भी पाकिस्तान में शिया समुदाय को निशाना बनाते रहे हैं। पाकिस्तान में शिया अल्पसंख्यक समुदाय में आते हैं।
- इससे पहले नवंबर में भी इस्लामाबाद में एक अदालत के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी।
- पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की है। जरदारी ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना “मानवता के खिलाफ अपराध” बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

- प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पूरी जांच के आदेश देते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाएगी।
- पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नक़वी ने भी हमले की निंदा की और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

- यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्ज़ियोयेव दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पाकिस्तान में हैं। घटना के वक्त वे प्रधानमंत्री शरीफ के साथ इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम में शामिल थे, जो धमाके वाली जगह से कई किलोमीटर दूर था।
- ताजा हमला ऐसे समय में सामने आया है जब करीब एक हफ्ते पहले प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान में कई हमले किए थे, जिनमें करीब 50 लोगों की मौत हुई थी। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में 200 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।






































