सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान के साथ कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

127

हनुमानगढ़। रत्नदीप मॉडल सीनियर सैकण्डरी स्कूल, हनुमानगढ़ में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसमें सीनियर विद्यार्थियों के लिए स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं से भरा माहौल देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने पंजाबी, राजस्थानी एवं हरियाणवी लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। आकर्षक वेशभूषा, तालबद्ध नृत्य और उत्साह से भरी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने सीनियर साथियों के साथ बिताए गए पलों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शाला निर्देशक श्रीमान ओमप्रकाश जी चायल एवं प्रधानाचार्य श्रीमान प्रेमपाल जी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जीवन में सदैव सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय के व्यवस्थापक श्री जितेंद्र जी चायल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए छात्र-छात्राओं एवं समस्त अध्यापकगण का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक श्री गुरु शरण चायल एवं श्री गुरु चरण चायल ने सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में श्री श्रवण चायल, श्री अगम चायल, श्रीमती महिमा, श्रीमती ज्योति, श्रीमती आकांक्षा गहलोत एवं श्रीमती पूनम भदरा की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनकी मौजूदगी से कार्यक्रम की शोभा और अधिक बढ़ गई। कार्यक्रम भावनात्मक क्षणों और मधुर स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।