वाहनों की फिटनेस व्यवस्था के विरोध में डीटीओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

82

कार्यालय का गेट बंद कर कामकाज ठप, वार्ता के बाद डीटीओ व स्टाफ को प्रवेश; आंदोलन जारी रखने का ऐलान
हनुमानगढ़। व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को परिवहन व्यवसायियों ने जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) कार्यालय हनुमानगढ़ के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इसी के साथ यातायात सलाहकारों ने वाहन चालकों के सर्मथन में पेन डाउन हड़ताल रखी। जिला ट्रक यूनियन, यातायात जन सेवा सलाहकार समिति, टैक्सी यूनियन, टेंपो यूनियन और बस एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर बड़ी संख्या में ट्रक, बस, टैक्सी व टेंपो संचालक कार्यालय परिसर के बाहर एकत्र हुए और मुख्य गेट पर ताला लगाकर रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने डीटीओ व कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे कई घंटों तक कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
ट्रक युनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा व जुगल किशोर राठी ने बताया कि विभागीय आदेश के बाद व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच के लिए 350 किलोमीटर दूर एटीएस केंद्र जाना अनिवार्य कर दिया गया है। उनका कहना है कि एक ट्रक या बस की फिटनेस के लिए जाने-आने में 20 से 30 हजार रुपये तक का अतिरिक्त खर्च बैठता है। रास्ते में पड़ने वाले टोल नाकों पर ऑनलाइन चालान, डीजल का खर्च और समय की बर्बादी अलग से होती है। इससे छोटे व मध्यम वाहन मालिकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर फिटनेस की सुविधा बंद कर देना हनुमानगढ़ जैसे दूरस्थ जिले के परिवहन व्यवसायियों के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग दोहराई कि पूर्व की भांति जिला मुख्यालय पर ही फिटनेस जांच कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। साथ ही माल वाहक वाहनों का वार्षिक कर निर्धारित समयावधि में ही जमा कराया जाए तथा ओवरलोड और अनाधिकृत ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
कई घंटे चले गतिरोध के बाद प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार को यूनियन की मांगों के संबंध में डीओ लेटर जारी करने और मामले को उच्च स्तर पर भेजने पर सहमति बनने के बाद डीटीओ व स्टाफ को कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी गई। हालांकि, यूनियन ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर ठोस आदेश जारी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
यातायात जन सलाहाकार सेवा समिति के अध्यक्ष मंगल सिल्लू ने कहा कि फिटनेस के नाम पर सैकड़ों किलोमीटर दूर भेजना व्यवहारिक नहीं है और इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी। समस्त युनियन के सदस्यों चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण दिनभर डीटीओ कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा और कई वाहन मालिकों को लौटना पड़ा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।