टी-20 वर्ल्ड कप में पहला बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया (Zimbabwe T20 World Cup) को 23 रन से हरा दिया। इससे पहले 2007 में भी जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को लीग मुकाबले में हराया था। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
रेनशॉ की फिफ्टी बेकार
170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैट रेनशॉ ने 65 रन की पारी खेली। ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन बनाए। लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके। ट्रैविस हेड 17, जोश इंग्लिस 8 और मार्कस स्टोयनिस 6 रन बनाकर आउट हुए। टिम डेविड और कैमरन ग्रीन खाता भी नहीं खोल पाए। जिम्बाब्वे की ओर से मुजरबानी के अलावा ब्रैडली इवांस ने 3 विकेट लिए।
ये भी पढ़ें: कौन है Baal? एपस्टीन फाइल्स में नया खुलासा, सोशल मीडिया पर ‘बलि’ के दावों से मचा हड़कंप; क्या है सच्चाई?
ब्रायन बेनेट की शानदार पारी
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए। यह उनका टी-20 वर्ल्ड कप में पहला अर्धशतक है। तादिवानाशे मारुमनी और रयान बर्ल ने 35-35 रन बनाए। कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंदों पर नाबाद 25 रन जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस स्टोयनिस और कैमरन ग्रीन को 1-1 विकेट मिला।

क्या लीग राउंड से बाहर होगा ऑस्ट्रेलिया?
ग्रुप बी की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल तीसरे स्थान पर है। दो मैचों में उसे एक जीत और एक हार मिली है। अब अगले दौर में पहुंचने के लिए उसे श्रीलंका और ओमान के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रहेगी।
इसी मैदान पर होगा भारत-पाक मुकाबला
यह वही आर. प्रेमदासा स्टेडियम है, जहां 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया यहां 170 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सका, ऐसे में इस मैदान पर एक और रोमांचक मैच की उम्मीद बढ़ गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































