धानमंडी परिसर में सरसों, चना व मूंग की सरकारी खरीद की मांग तेज

78

– स्थानीय धाणका-तौला मजदूरों से 25 पैसे सैंकड़ा पर तुलाई कराने की उठी आवाज
हनुमानगढ़।
 आगामी रबी सीजन 2026-27 में सरसों, चना एवं मूंग की सरकारी खरीद को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में धानमंडी परिसर में ही उपार्जन केंद्र स्थापित कर खरीद कराने तथा तुलाई कार्य 25 पैसे सैंकड़ा के हिसाब से स्थानीय धाणका, तौला एवं मजदूरों के माध्यम से करवाने की मांग को लेकर संगठनों ने प्रशासन व रजिस्ट्रार इमिलाल सहारण को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय किसान सभा पीलीबंगा, व्यापार मंडल गोलूवाला तथा श्री धानका तोला मजदूर यूनियन गोलूवाला के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के किसान अपनी फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने के लिए उत्साहित हैं। ऐसे में गेहूं की तरह ही सरसों, चना और मूंग की खरीद व तुलाई भी धानमंडी परिसर में करवाई जानी चाहिए, ताकि किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को एक ही स्थान पर सुविधा मिल सके।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में नैफेड द्वारा क्रय-विक्रय सहकारी समिति परिसर में तुलाई करवाई जा रही है, जहां पर्याप्त शेड एवं स्थान का अभाव है। इससे एक साथ कई किसानों की फसल की तुलाई संभव नहीं हो पाती और किसानों को देर रात तक इंतजार करना पड़ता है। इससे समय और संसाधनों की हानि होती है तथा अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी खरीद के बाद तुलाई का कार्य ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जाता है, जिससे स्थानीय धाणका, तौला एवं मजदूरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मजदूरों को रोजगार के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जबकि तुलाई का कार्य बाहरी ठेकेदारों को सौंपे जाने से स्थानीय श्रमिकों की आजीविका प्रभावित होती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।