हनुमानगढ़। तहसील हनुमानगढ़ क्षेत्र के टेल के काश्तकारों ने अपने चकों में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में सौंपा गया। काश्तकारों ने बताया कि 2 एसएसडब्ल्यू से 20 एसएसडब्ल्यू तक पक्की नहर का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन उनके पुराने मोघे काफी नीचे बने होने के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
जल उपयोक्ता संगम बी.नं. 01 के अध्यक्ष इकबाल सिंह ने बताया कि मोघे नीचे होने से पानी की बारी के समय खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। टेल क्षेत्र के किसान अपनी निर्धारित पानी की बारी से वंचित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते मोघों का सही निर्माण नहीं कराया गया तो आगामी फसलों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार जिला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिलकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन विभागीय अधिकारी जिला कलेक्टर की स्वीकृति का हवाला दे रहे हैं। ऐसे में किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि टेल के किसानों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सिंचाई विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर मोघों का उचित स्तर पर पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि सभी काश्तकारों को उनकी पानी की बारी का पूरा लाभ मिल सके।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। इस दौरान सिमरदीप सिंह, विनोद कुमार, गोपीराम, कृष्ण, जसविंदर सिंह, धर्मचंद, रणवीर, रंजीत सिंह, जगराम, भूराराम, गुरतेज सिंह, साहब सिंह, निखिल सहित बड़ी संख्या में टेल क्षेत्र के काश्तकार मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































