दो केएनजे में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण की उठी मांग

70

– बजट स्वीकृत होने के बाद नगरपरिषद के खाली भूखंड पर निर्माण की अपील
हनुमानगढ़। क्षेत्र के दो केएनजे गांव में संचालित पशु उप स्वास्थ्य केन्द्र वर्तमान में श्री गौशाला भवन में अस्थायी रूप से चल रहा है। अब राज्य सरकार द्वारा पशु उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए बजट जारी किए जाने के बाद ग्रामीणों ने स्थायी भवन निर्माण की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला क्लेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से अस्थायी व्यवस्था में चल रहे अस्पताल को अब स्वयं के भवन की आवश्यकता है ताकि पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामीणों ने बताया कि दो केएनजे में नगरपरिषद का एक खाली भूखंड उपलब्ध है, जहां पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण किया जा सकता है। इसके अलावा गांव में बंद पड़े पंचायत भवन के साथ लगी सरकारी भूमि भी निर्माण के लिए उपयुक्त बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी एक उपयुक्त स्थान का चयन कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, जिससे पशुपालकों को राहत मिल सके।
क्षेत्र में आबादी अधिक होने के कारण अधिकांश परिवारों के पास गाय, भैंस, बकरी, घोड़ी सहित अन्य मवेशी पशु हैं। वर्तमान में अस्थायी स्थान पर सीमित संसाधनों के बीच पशुओं का उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पक्के भवन का निर्माण होता है तो उपचार सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और राज्य सरकार की विभिन्न पशुपालन एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जारी बजट का सदुपयोग करते हुए शीघ्र भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। उनका कहना है कि पशु चिकित्सालय भवन बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को समय पर उपचार सुविधा मिलेगी और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।