मंगलवार, 24 फरवरी को शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक तरफ सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट आई, तो दूसरी तरफ कई शेयरों में भारी तेजी भी आई है। बढ़ती वैश्विक चिंताओं, खासकर अमेरिका के टैरिफ मुद्दे और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे बाजार दबाव में आ गया। लेकिन इसी गिरावट के बीच कुछ शेयर ट्रेडिंग वॉल्यूम के मामले में टॉप पर रहे।
घरेलू बाजार के प्रमुख सूचकांक BSE Sensex करीब 900 अंक तक टूट गया, जबकि Nifty 50 1 प्रतिशत गिरकर 25,460 के इंट्राडे निचले स्तर तक पहुंच गया। सुबह 11:30 बजे तक कई कंपनियों के करोड़ों शेयरों की खरीद-बिक्री हो चुकी थी।
आज के सबसे ज्यादा ट्रेड होने वाले शेयर
Filatex Fashions: करीब 17 करोड़ शेयरों में कारोबार हुआ। शेयर इंट्राडे में लगभग 14% तक उछल गया। कंपनी की ओर से कोई नई बड़ी घोषणा नहीं आई है, ऐसे में तेजी को तकनीकी कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि फरवरी महीने में अब तक यह शेयर करीब 21% गिर चुका है।
Vodafone Idea: 11:30 बजे तक 16 करोड़ से ज्यादा शेयरों में ट्रेडिंग हुई। शेयर में 1% से ज्यादा की गिरावट रही और यह लगातार चौथे दिन कमजोरी की ओर बढ़ता दिखा।
ये भी पढ़ें: Stock Market Crash: शेयर मार्केट को किसकी लगी नजर, स्टॉक गिरने के ये हैं 5 बड़े कारण
IDFC First Bank: 10 करोड़ से ज्यादा शेयरों में कारोबार हुआ। पिछले सत्र में 16% की भारी गिरावट के बाद आज शेयर में 1% से ज्यादा की हल्की रिकवरी देखने को मिली।
Morepen Laboratories: करीब 5 करोड़ शेयरों में ट्रेडिंग हुई। कंपनी को एक बड़ी ग्लोबल फार्मा कंपनी से लगभग 825 करोड़ रुपये का मल्टी-ईयर कॉन्ट्रैक्ट मिलने की घोषणा के बाद शेयर में करीब 8% की तेजी दर्ज की गई। पिछले सत्र में भी यह शेयर 15% चढ़ा था।

Ola Electric Mobility: 3 करोड़ से ज्यादा शेयरों में कारोबार हुआ। शेयर में 1% से ज्यादा की गिरावट रही। यह लगातार चौथे दिन कमजोर रहा। पिछले एक साल में यह शेयर लगभग 57% टूट चुका है। इसके अलावा DEE Development Engineers, Nippon India Silver ETF, YES Bank, Eternal, Suzlon Energy और One Mobikwik Systems भी एनएसई पर सबसे ज्यादा एक्टिव शेयरों में शामिल रहे।
बाजार में गिरावट की वजह
बाजार पर दबाव की मुख्य वजह अमेरिका की व्यापार नीति को लेकर अनिश्चितता और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता तनाव माना जा रहा है। इन वैश्विक कारणों से निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखा।
फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और निवेशक वैश्विक घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे में ट्रेडिंग वॉल्यूम वाले शेयरों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि यही शेयर बाजार की मौजूदा दिशा का संकेत दे रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































