रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) और विजय देवरकोंडा आज शादी के बंधन में बंध गए हैं। उदयपुर में हुई इस फिल्मी जोड़े की शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार था और अब खत्म हो गया है। रश्मिका और विजय ने अपने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करते हुए एक भावुक नोट लिखा है।
क्या लिखा रश्मिका मंदाना ने, अभिनेत्री ने अपने पोस्ट की शुरुआत “Hi my loves” से की और फिर विजय देवरकोंडा को अपने जीवन का सबसे बड़ा सहारा बताया। उन्होंने लिखा कि विजय वही शख्स हैं जिन्होंने उन्हें सच्चे प्यार का एहसास कराया और जीवन में सुकून का मतलब समझाया।

पोस्ट में उन्होंने यह भी लिखा कि विजय ने हमेशा उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि वह अपनी सोच से कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनके जीवन की हर उपलब्धि, हर संघर्ष और हर खुशी अब ज्यादा मायने रखती है, क्योंकि विजय उनके साथ हैं और हर पल के गवाह हैं।

अभिनेत्री ने अपने संदेश में लिखा कि आज वह जो भी हैं, उसमें विजय का बड़ा योगदान है। उन्होंने माना कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें ऐसा जीवनसाथी मिला। उन्होंने यह भी कहा कि वह अक्सर अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर पातीं, लेकिन उनका प्यार और उत्साह साफ नजर आता है।

पोस्ट के आखिर में अभिनेत्री ने खुलकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह विजय की पत्नी बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अब जश्न का समय है। “लेट्स हैव द बेस्ट लाइफ एवर टुगेदर, आई लव यू,” लिखते हुए उन्होंने अपने इस नए सफर की शुरुआत का ऐलान किया।

रश्मिका के बाद विजय ने भी अपने सोशल मीडिया पर लिखा, एक बेहद प्यारे और दिल छू लेने वाले संदेश के साथ आज 26 फरवरी 2026 को शादी की खुशखबरी सामने आई। पोस्ट में उन्होंने अपने रिश्ते को बेहद सादगी और गहराई से बयान किया।

उन्होंने लिखा कि एक दिन उन्हें उनकी कमी इतनी महसूस हुई कि लगा दिन अधूरा है। ऐसा लगा जैसे अगर वह साथ होतीं तो दिन और बेहतर होता। खाना ज्यादा सुकून भरा लगता, वर्कआउट सजा जैसा नहीं बल्कि मजेदार होता, और हर जगह “घर” जैसा एहसास मिलता।

उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ उनकी मौजूदगी चाहिए थी वो सुकून और अपनापन महसूस करने के लिए, जो सिर्फ वही दे सकती थीं।पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “इसलिए मैंने अपनी बेस्ट फ्रेंड को ही अपनी पत्नी बना लिया।”
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































