हनुमानगढ़। दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा ‘केंद्रीय बजट 2026 और आयकर अधिनियम 2025’ विषय पर एक दिवसीय भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ-साथ बड़ी संख्या में कर विशेषज्ञों (Tax Professionals) ने भी हिस्सा लिया।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता और आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए सतीश कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “देश के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और कर पेशेवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने सदस्यों को याद दिलाया कि वे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और नए कानूनों का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।
कोटा से सीए कुशल सोनी ने इंकम टैक्स बिल 2025 और नए आयकर कानून से जुड़े टैक्स प्रावधानों पर भी अपने इंप्रेशन साझा किये।
शाखा के नवनियुक्त अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल ने अपने स्वागत भाषण में प्रबंधन समिति के सफल रोल-ओवर की जानकारी दी। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष सीए ललित गर्ग के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक कार्यों हनुमानगढ़ में सीए परीक्षा केंद्र की शुरुआत, डीआईएसए (DISA) कोर्स और पीयर रिव्यू सर्टिफिकेशन जैसे कार्यक्रमों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सीए सतीश गुप्ता ने बताया कि सदस्यों की सुविधाओं के लिए एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ विशेष समझौता किया गया है। इसके अलावा उन्होंने पूर्व में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों जैसे पूनवाला फाइनेंस व बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ वित्तीय समझौते, टैली सॉफ्टवेयर पर भारी छूट, और मेदांता व डॉ. लाल पैथ लैब्स के साथ स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी साझा की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































