गोवंश के लिए हरे चारे की व्यवस्था, समाजसेवा का दिया संदेश
हनुमानगढ़ टाउन स्थित कामधेनु गौशाला में आज यूथ वीरांगनाओं द्वारा गोवंश के लिए हरे चारे की समुचित व्यवस्था की गई। इस सेवा कार्य के दौरान सभी वीरांगनाओं ने अपने हाथों से गोवंश को हरा चारा खिलाया और पशु सेवा के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर यूथ वीरांगना रजनी ने बताया कि यूथ वीरांगनाओं का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सेवा करना भी है। उन्होंने कहा कि जीव- जंतुओं की सेवा करना प्रत्येक मानव का नैतिक कर्तव्य है और इसी भावना को लेकर आज सभी वीरांगनाओं ने अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर गोवंश के लिए हरे चारे की व्यवस्था की। कार्यक्रम में यूथ वीरांगना मीनाक्षी, रजनी, सोमा, भावना, संगीता, रीमा, कंचन, सरोज सहित अन्य वीरांगनाएं उपस्थित रहीं। सभी ने गौशाला परिसर में पहुंचकर सेवा कार्य में भाग लिया और गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। गौशाला प्रबंधन ने भी यूथ वीरांगनाओं की इस पहल की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। इस मौके पर भावना ने जानकारी दी कि यूथ वीरांगनाएं समाजहित में निरंतर विभिन्न कार्य कर रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निशुल्क सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र और कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है तथा राष्ट्रीय पर्व और त्यौहार भी जरूरतमंद बच्चों के साथ मिलकर मनाए जाते हैं, ताकि उनमें संस्कार और आत्मविश्वास विकसित हो सके। यूथ वीरांगनाओं की यह पहल न केवल पशु प्रेम और करुणा का संदेश देती है, बल्कि समाज को यह भी प्रेरणा देती है कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। गौसेवा और समाजसेवा के माध्यम से यूथ वीरांगनाएं क्षेत्र में सकारात्मक कार्यों की मिसाल बन रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































