पारंपरिक धमाल-चंग के साथ होली उत्सव का शुभारंभ

65

– लोक संस्कृति के रंग में रंगा पुरानी नगर पालिका परिसर
हनुमानगढ़ टाउन की पुरानी नगर पालिका के प्रांगण में होली का पारंपरिक उत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव का आयोजन पारंपरिक धमाल-चंग कार्यक्रम के माध्यम से किया जा रहा है, जो स्थानीय लोक संस्कृति की सशक्त पहचान है। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यापार मंडल शिक्षण समिति के अध्यक्ष बालकिशन गोल्याण, पवन खदरिया एवं प्रेम पारीक द्वारा सामूहिक रूप से किया गया। धमाल कार्यक्रम की शुरुआत कलाकार द्वारपाल द्वारा गणेश वंदना तथा “होली खेलो रे कन्हैया” गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात गोरबंद चंग पार्टी के प्रसिद्ध कलाकारों ने रंगारंग धमाल प्रस्तुत कर वातावरण को होलीमय बना दिया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह सांस्कृतिक आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक 27 फरवरी से 2 मार्च तक जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान “रंग झीनो रे”, “रुत आई पपीहा तेरे बोलण गी”, “भाभी म्हारी है पतासी” जैसे लोकप्रिय पारंपरिक धमाल प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।धमाल प्रस्तुतियों में ओम स्वामी, जगदीश सिराव, आनंद जोशी, संजय सेन, चंद्र स्वामी, दिनेश स्वामी, बृजलाल, सुंदर बंसल, संजय शर्मा, दीपक पारीक, संजय पांडिया, मोहन शर्मा एवं कमलेश स्वामी ने अपनी विशेष प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हनुमान मंदिर चोतिना कुआं समिति का विशेष सहयोग रहा। समिति द्वारा शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस लोक सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।