फिल्मी शादी हो और बस कुछ तस्वीरें आकर बात खत्म हो जाए… ऐसा इस बार नहीं हुआ। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी सिर्फ एक प्राइवेट सेरेमनी नहीं रही, बल्कि पूरे देश के लिए जश्न बन गई। हाल ही में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने इंस्टाग्राम पर एक जॉइंट स्टेटमेंट (Rashmika-Vijay sweet distribution) जारी किया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
कपल ने लिखा, इस देश के प्यारे लोगों, आप हमेशा से हमारे सफर और हमारे प्यार का हिस्सा रहे हैं। आप सबके साथ अपनी शादी का जश्न मनाना हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। और भारत में कोई भी जश्न कैसे मनाया जाता है? मिठाई और खाने के साथ।
आगे उन्होंने बताया, इसलिए 1 मार्च को हम प्यार और मिठाइयों से भरे ट्रक पूरे देश में भेज रहे हैं, ताकि अपने जीवन के इस खास पल को आप सबके साथ बांट सकें। साथ ही हम देशभर के कई मंदिरों में अन्नदान भी करेंगे। आप सभी का आशीर्वाद चाहते हैं। कपल के इस खास अंदाज ने फैंस को और भी ज्यादा इमोशनल कर दिया है।

21 शहरों में पहुंचेगी मिठाई
कपल की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, दिल्ली, हैदराबाद, चंडीगढ़, करीमनगर, महबूबनगर, अहमदाबाद, गाजियाबाद, मुंबई, जयपुर, कोच्चि, कुर्ग, मैसूर, चेन्नई, कोयम्बटूर, पुडुचेरी और बिहार समेत कुल 21 शहरों में मिठाई भेजी जा रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन की देरी के कारण बिहार में मिठाई सोमवार तक पहुंचेगी।

किन मंदिरों में होगा अन्नदान?
विजय और रश्मिका देश के 16 प्रमुख मंदिरों में अन्नदान करेंगे। इनमें वृंदावन का श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर, बेंगलुरु का शिवोहम मंदिर, मैसूर का चामुंडेश्वरी मंदिर, कूर्ग का पाडी इग्गुथप्पा मंदिर, रायपुर का श्री श्री राधा रस बिहारी जी मंदिर, गुवाहाटी का श्री रुक्मिणी मंदिर, अहमदाबाद का श्री श्री गोविंदा धाम मंदिर इस्कॉन और जयपुर का गोविंद देव जी मंदिर शामिल हैं।

जल्द होगा ग्रैंड रिसेप्शन
बता दें, कपल ने 26 फरवरी को उदयपुर के मेमेंटोस बाय आईटीसी होटल्स में शादी की थी। वहीं अब इसके बाद 4 मार्च को हैदराबाद ग्रैंड रिसेप्शन देने वाले हैं. जिसमें कई बड़े बड़े सेलेब्स शामिल होंगे। कपल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को भी इनविटेशन दिया है।

शादी की तस्वीरों ने तोड़ा विराट का रिकॉर्ड
कपल का यह अनोखा सेलिब्रेशन फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। रश्मिका की वेडिंग पोस्ट पर अब तक 24 मिलियन से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं, जिसने कई बड़े सितारों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। इसमें विराट कोहली एक हैं।
बता दें, रश्मिका विजय जल्द बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रणबाली’ में एक बार फिर स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का एक सरप्राइज वीडियो भी शेयर किया, जिसमें दोनों की पहली झलक देखने को मिली।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































