विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा किसी से कम नहीं – जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव

62

-नवज्योति मूक बधिर विद्यालय के फागोत्सव में देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता दिल
हनुमानगढ़। नवज्योति मूक बधिर विद्यालय द्वारा रविवार को जंक्शन स्थित सारस्वत भवन में फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। समारोह में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बसंल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, प्रवक्ता आशीष पारीक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. विक्रम सिंह शेखावत, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक प्रेमाराम तथा सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ये बच्चे किसी भी मायने में सामान्य बच्चों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, सकारात्मक वातावरण और प्रोत्साहन मिलने पर ये बच्चे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। डॉ. यादव ने नवज्योती संस्थान की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था न केवल शिक्षा दे रही है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भाव भी विकसित कर रही है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि नवज्योती संस्थान का सहयोग कर ऐसे बच्चों को अवसर और सम्मान दिया जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि नवज्योति के संस्थापक भीष्म कौशिक के सतत प्रयासों से इन बच्चों को जीवन का उद्देश्य मिला है। उन्होंने कहा कि संस्था ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है, जिससे उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आई है। विधायक ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।