सांव‍लिया सरकार संग रंगों की बौछार

49

-फाटक गौशाला बरकत कॉलोनी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया होली महोत्सव
हनुमानगढ़। टाउन स्थित फाटक गौशाला, बरकत कॉलोनी में इस वर्ष भी होली महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। फागुन की मस्ती और रंगों की उमंग के बीच गौशाला परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों ने भाग लेकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
होली महोत्सव की शुरुआत श्रद्धालुओं द्वारा सांवलिया सरकार को रंग-गुलाल अर्पित कर की गई। इसके साथ ही गौमाता को भी गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया गया। भक्तों ने गौशाला परिसर में एकत्र होकर पहले विधिवत पूजा-अर्चना की और उसके बाद होली उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में “होली खेले सांवलिया” जैसे भजनों की गूंज सुनाई देती रही, जिस पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। गायक गुरपाल सिंह एंड पार्टी द्वारा भजनों की बौछार की ।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने मिलकर भजनों पर झूमते हुए होली का उत्सव मनाया। रंगों से सराबोर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। वातावरण में गुलाल की खुशबू और ढोलक की थाप ने माहौल को पूरी तरह फागुनी बना दिया।
फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में प्रतिवर्ष बाबा श्याम एवं गौमाता के सान्निध्य में होली महोत्सव मनाने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि गौसेवा और भक्ति भाव को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है। शहर के अनेक गौभक्त हर वर्ष यहां आकर उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं और गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौशाला समिति का प्रयास रहता है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को मजबूत किया जाए। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने सुख-समृद्धि की कामना की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।