हनुमानगढ़। संत नामदेव छिम्पा समाज समिति के तत्वावधान में गुरुवार को जंक्शन क्षेत्र के बाइपास रोड पर संत नामदेव छात्रावास एवं लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। समाज में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज के सहयोग से इस छात्रावास और लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई, जिसमें समाज के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
शिलान्यास समारोह में श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा, हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, नामदेव सभा हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सतवीर वर्मा तथा ओबीसी मोर्चा हरियाणा के जिला महामंत्री शुभम सागु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता जगदीश वर्मा संगरिया ने की। अतिथियों ने समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है और ऐसे प्रयास समाज के युवाओं के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सांसद कुलदीप इंदौरा ने छात्रावास में दो कमरों के निर्माण की घोषणा की। वहीं हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल ने चार कमरों का निर्माण करवाने की घोषणा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समाज और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल सहित अन्य अतिथियों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी छात्रावास और लाइब्रेरी के निर्माण कार्य में सहयोग देने की घोषणा की।
समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र कायथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि संत नामदेव छात्रावास का निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और वर्ष 2027 तक भवन का निर्माण पूर्ण कर इसे विद्यार्थियों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छात्रावास में छह कमरे बने हुए हैं, जबकि लाइब्रेरी का निर्माण तथा प्रथम मंजिल पर चार अतिरिक्त कमरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक शांत और सुसज्जित अध्ययन केंद्र उपलब्ध कराना है। यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ अध्ययन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे छात्र-छात्राएं बेहतर माहौल में अपनी पढ़ाई कर सकें और अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































