विद्यालय में छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, ग्रामीणों में भारी रोष

34

– स्कूल पर तालाबंदी कर शुरू किया धरना, आरोपी पोषाहार प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जिले के गांव मैनावाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 की एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया और आरोपी पोषाहार प्रभारी को तत्काल निलंबित करने के साथ उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उधर, पीड़ित छात्रा के परिजन और ग्रामीण महिला पुलिस थाना पहुंचे और लिखित परिवाद प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री गांव मैनावाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 की नियमित छात्रा है। आरोप है कि 28 फरवरी को विद्यालय में पोषाहार प्रभारी सलामत अली निवासी जोरावरपुरा ने आधी छुट्टी के दौरान करीब एक बजे छात्रा को हस्ताक्षर करवाने के बहाने विद्यालय के एक अलग कमरे में बुलाया। परिजनों के अनुसार आरोपी ने कमरे में ले जाकर छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं।
बताया गया कि इस दौरान छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसी कक्षा में पढ़ने वाली उसकी एक सहेली वहां पहुंच गई। सहेली को आता देख आरोपी तुरंत मौके से बाहर निकल गया। घटना के बाद छात्रा काफी सहमी हुई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर उसने रोते हुए पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी मामले की जानकारी दी गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।