अफगानिस्तान की राजधानी (Kabul Hospital Attack) काबुल एक बार फिर हिंसा की आग में झुलस गई है। सोमवार रात शहर के कई इलाकों में जोरदार धमाकों और फायरिंग की आवाजों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। इन हमलों के लिए अफगान पक्ष ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
भारत ने काबुल में अस्पताल पर हुए हमले को लेकर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। भारत ने इस हमले को ‘कायरतापूर्ण’ और ‘जनसंहार’ करार दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह एक बेहद अमानवीय और अनैतिक हिंसक कृत्य है, जिसमें बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान गई। मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि जिस जगह को किसी भी हालत में सैन्य लक्ष्य नहीं माना जा सकता, उसे निशाना बनाना पूरी तरह गलत है। बयान में पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि वह इस हमले को सैन्य कार्रवाई के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।
कब हुआ हमला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, देर रात हुए हमलों में शहर के कई हिस्से निशाने पर आए। दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और Kabul International Airport के आसपास लगातार धमाकों की खबरें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने कई इलाकों में आग और धुएं के गुबार देखे जाने की बात कही।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाया। उनके मुताबिक यह हमला नागरिक इलाकों पर किया गया, जिसे उन्होंने मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।
क्यों किया पाकिस्तान ने हमला?
पाकिस्तान ने रविवार रातभर भी कंधार प्रांत में एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। पाकिस्तान ने यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ के तहत की। इसके जवाब में अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के सैन्य कैंप पर हमला किया।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, हमले में उन ठिकानों को निशाना बनाया गया जिनका इस्तेमाल पाकिस्तानी तालिबान (TTP) जैसे संगठन सीमा पार हमलों की तैयारी के लिए करते थे।
ये भी पढ़ें: क्या बिना वेरिफिकेशन के बंद हो जाएगी गैस बुकिंग? LPG e-KYC पर सरकार ने फिर दिया बड़ा अपडेट
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif के प्रवक्ता Mosharraf Zaidi ने इन आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने किसी भी अस्पताल या नागरिक ढांचे को निशाना नहीं बनाया।
अफगान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता Hamdullah Fitrat के अनुसार हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे हुआ। जिस अस्पताल पर हमले का दावा किया जा रहा है, वह करीब 2000 बेड का बताया जा रहा है और उसे भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने अस्पताल के कुछ हिस्सों में आग लगी होने और कई शवों को बाहर लाए जाने की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: Odisha Cuttack Hospital Fire: ओडिशा के सरकारी हॉस्पिटल में आग, 10 मरीजों की मौत
हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट्स में सैकड़ों लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बड़ी संख्या में मरीज मौजूद थे, इसलिए नुकसान ज्यादा हो सकता है।

इस घटना पर अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर Rashid Khan ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि हालिया हमलों में कई निर्दोष लोगों की जान गई है और नागरिक इलाकों को निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। कई लोगों ने United Nations और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल काबुल में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इस हमले ने क्षेत्र में पहले से मौजूद अस्थिरता को और बढ़ा दिया है।
चैनल को सब्सक्राइब करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।






































