वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

27

हनुमानगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन जागरण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को हनुमानगढ़ के रीको औद्योगिक क्षेत्र द्वितीय फेज में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नेता अमित चौधरी द्वारा पौधारोपण कर की गई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण को संतुलित करता है, बल्कि वर्षा के स्रोतों को सहेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पौधों के माध्यम से हम प्रकृति को नया जीवन दे सकते हैं और यही वंदे गंगा अभियान का उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान नीम, शीशम, कनेर, गुलमोहर, बबूल, अर्जुन तथा अन्य छायादार व औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अमित चौधरी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी सप्ताहों में जिले के विभिन्न स्थानों पर भी इसी तरह के पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवाओं, महिलाओं व स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से भी आह्वान किया कि वे अपनी परिसरों में अधिकाधिक पौधे लगाकर ‘ग्रीन रीको’ की परिकल्पना को साकार करें। इस मौके पर विनोद ढाका, व्यापारी सुरेन्द्र बलाडिया, इन्द्रपाल रणवां, अनिल थोरी, साहिल बलाड़िया, बलराज मान, हिमांशु महर्षि सहित अन्य कार्यकर्ता व व्यापारी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।