– पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) के जिलाध्यक्ष सुमेर सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो के विरोध में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से वीडियो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बहुजन समाज को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
ज्ञापन में जिला उपाध्यक्ष नत्थुराम ने बताया गया कि थाना पीलीबंगा क्षेत्र के गांव पंडितावाली के एक अराजक तत्व द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और महाराजा सूरजमल को लेकर एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। वीडियो में दोनों महापुरुषों को एक-दूसरे से मारपीट करते हुए दर्शाया गया है, जो कि न केवल अम्बेडकर साहब का अपमान है बल्कि महाराजा सूरजमल जैसे महान विभूति का भी गंभीर अपमान है।
युवा नेता नवीन परिहार ने बताया कि यह वीडियो बहुजन समाज के दो वर्गों के बीच सोची-समझी साजिश के तहत वैमनस्य फैलाने की कोशिश है। बाबा साहब अम्बेडकर को जाट समाज उतना ही सम्मान देता है जितना दलित समाज महाराजा सूरजमल को आदर की दृष्टि से देखता है। इस प्रकार की कुचेष्टा सामाजिक सौहार्द और देश की एकता के लिए खतरा है।
उक्त विषय पर जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर व निवर्तमान पार्षद विकास रांगेरा ने कहा कि क्षेत्र में सौहार्द और भाईचारे की परंपरा रही है। कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में भ्रम व तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों पर आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
ज्ञापन में मांग की गई कि पुलिस प्रशासन तुरंत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराए और अदालत में चालान पेश करे। यह भी कहा गया कि बहुजन समाज संविधान और कानून के अनुसार शांतिपूर्ण मार्ग पर चलता है, लेकिन यदि प्रशासन इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करता, तो समाज को सड़कों पर उतरकर विरोध जताना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में अजाक पदाधिकारी मान्य हरि सिँह, डॉ ओमप्रकाश मौसलपुरिया, रणजीत सिंह सर्वा, सुनील बिंवाल, अम्बेडकर युवा मोर्चा के संस्थापक सुरेंद्र खटीक, जिलाध्यक्ष राजेश भारतीय, सुनील मेघवाल, नवीन परिहार, रामस्वरूप बोद्ध, कुलदीप कड़ेला, शाहरूख रोड़ावाली, विकास रांगेरा, जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर, खुशी अमलानी, मुकेश बाड़ी व अन्य सदस्य मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































