हनुमानगढ़। गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को मानव उत्थान सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन शाखा द्वारा वार्ड 60 स्थित सुरेशिया क्षेत्र में गुरू पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास व श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय आश्रम परिसर में महात्मा जानकी बाई एवं महात्मा अक्षरा बाई जी के मार्गदर्शन में विशाल सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सत्संग के दौरान संत महात्माओं ने पावन ग्रंथों – श्रीमद्भगवद्गीता और रामायण – के श्लोकों का विवेचन करते हुए जीवन में गुरू की आवश्यकता, भक्ति, सेवा और आत्मज्ञान के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि गुरू ही शिष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। परमात्मा की सच्ची भक्ति एवं सेवा से ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। गुरू की कृपा से ही आत्मज्ञान प्राप्त होता है और जीवन में शांति व संतोष का वास होता है।
कार्यक्रम में शहर व आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचे और सत्संग की अमृतवाणी का लाभ लिया। भक्तों ने भक्ति संगीत, भजन व प्रवचनों के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के सफल आयोजन में समिति के स्वयंसेवकों, सेवाधारियों व स्थानीय श्रद्धालुओं ने तन, मन, धन से सहयोग किया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































